बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर अब लगभग स्पष्ट हो चुकी है। फिल्ममेकर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने इस दुखद पल को “एक युग का अंत” बताया है। कई हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है। हालांकि, परिवार की ओर से आधिकारिक बयान अभी तक जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि कुछ देर में परिवार की तरफ से आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
जुहू स्थित ‘सनी विला’ में अचानक बढ़ी हलचल
पिछले कई दिनों से धर्मेंद्र का इलाज उनके जुहू स्थित घर पर ही चल रहा था। आज दोपहर अचानक उनके बंगले ‘सनी विला’ में गतिविधि तेज़ हो गई। परिसर में एक एंबुलेंस को अंदर जाते देखा गया, जिसके तुरंत बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी।
स्थानीय स्तर पर माहौल बेहद तनावपूर्ण रहा, क्योंकि न तो परिवार की तरफ से कोई अपडेट दिया गया और न ही अंदर की स्थिति साफ हो पाई।
घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। करीब 50 निजी सुरक्षा कर्मियों की टीम भी मौजूद थी। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं थी। इस बीच परिवार के कई सदस्य बंगले में प्रवेश करते दिखाई दिए, लेकिन अभिनेता की स्वास्थ्य स्थिति पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
श्मशान घाट पहुंचा परिवार, सितारों का जुटना शुरू
दोपहर बाद स्थिति और स्पष्ट हो गई जब धर्मेंद्र के घर से एंबुलेंस और कई गाड़ियां विले पार्ले श्मशान घाट की ओर जाती नजर आईं। सफेद परिधान में ईशा देओल और हेमा मालिनी वहां पहुंचीं। सनी देओल और बॉबी देओल भी श्मशान घाट में मौजूद रहे।
फिल्म उद्योग से सलमान खान, आमिर खान, गौरी खान, अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और कई अन्य दिग्गज अभिनेता भी अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे।
ब्रीच कैंडी अस्पताल में चला था इलाज
कुछ दिन पहले धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। कई दिनों तक इलाज के बाद सुधार दिखने पर परिवार ने उन्हें घर शिफ्ट किया, जहां उनका उपचार जारी रहा।
हालांकि स्थिति फिर गंभीर होती गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका। 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली—अपने 90वें जन्मदिन से कुछ ही दिन पहले।
आने वाली 8 दिसंबर को वे 90 वर्ष के होने वाले थे।